Jul 4, 2018

जन्मदिन - एक मील का पत्थर


यायावर सी ज़िंदगी  आगे बढ़ती जा रही है,
तय किये रास्तों की यादें आँखों में तैरती सी,

करता हूँ जब अपने सारे जिए हुए क्षणों का आंकलन,
अपने हिस्से का कम, ज़्यादा थे रस्मे-दुनियां के खातिर,

गौर से देखता हूँ तो मैं वही हूँ, जो था सदियों पहले भी,
पर गुज़रे सालों ने मुझमें मेरे कई नए आयाम जोड़ दिए,


चला तो मैं ही हूँ सालों साल ज़िंदगी की तमाम राहें,
भटके कदम ज़्यादा, रास्तों का पता कम ही था सफर में,

हर बार मेरे ज़िन्दगी ने दे दिया, नाम उसे एक मंज़िल का,
इस सफर में जब कभी थक के रुक गया मैं सुस्ताने को,

कभी अकेला, कभी कतार, कभी भीड़, कभी साथ कारवां के,
समाज के बनाये रास्तों पर चलने की आदत सी लगा ली है मैंने,

याद आते हैं अल्हड बचपन के वे उन्मुक्त से दिन,
जब रास्ते बन जाते थे जिधर कदमें निशान छोड़ती थी,

यथार्थ और स्वप्न अब बहुत नज़दीक से लगते हैं,
यकीं न आता है उड़ने की ख्वाहिश अब कूदने तक सीमित है। 


स्वप्न की नगरी अब छोटी होती जा रही है, ये सालों के अनुभव का तकाज़ा है,
ख़ुशी मनाता हूँ, आज मेरे उम्र के गिनती में हुआ एक और साल का इज़ाफ़ा है!








अधूरा करार



एक करार है मेरा स्वयं से कुछ अनकही सी,
वापसी का, जहाँ से हुई शुरुआत सफर की,
मचलते मेरे अरमान उसी उन्माद से आज भी,
याद आते हैं सुनहरे से वे किस्से जब कभी,
अल्हड सी बचपन की जब अपने होते थे सभी,
न कोई मंजिल होता था, बस यात्रा अंतहीन,
कई मोड़ और पड़ाव, नज़्ज़ारे थे सारे रंगीन,
सपने लेते थे अंगड़ाइयां, चाहतें थीं इठलाती,
जब इंद्रधनुष अपना सा और नभ थे मेरे करीब,
उन्मुक्त पंछी सा स्वच्छंद उड़ान लेता दूर कहीं,
सपने बड़े होते जिसमें मैं अपने हिस्से का अमीर,
खोया अल्हड बचपन मानो बन के कोई फ़कीर, 
भटकता मिलता है कहीं, करता है बातें अजीब,
पूछता है, हुआ क्या जो भूल गए मुझे छोड़ वहीँ,
जहाँ कभी साथ खीचते थे हम ख्वाबों के लकीर,
आज जैसे पास हो के भी दूर हैं आसमान से जमीन,
भटकती सी ज़िंदगी जो अक्सर कर देती है ग़मगीन,
शायद कभी साथ उसके जिंदगी हो फिर से हसीन!





केक पर एक और कैंडल का इज़ाफ़ा


आज इक्यावन का हो गया, सरकारी दस्तावेज के हिसाब से भी अर्ध शतक पूरा कर लिया हूँ. जब आँखें बंद करके एक बार पूरे फिल्म को रिवाइंड करता हूँ तो जिस बच्चे को तितलियाँ पकड़ते बगीचे में बाकी बच्चो के साथ देखता हूँ, वो आज भी रोज मेरे अंदर उसी उमंग और जोश के साथ खेलना चाहता है पर शायद अब मैं उस से काफी बड़ा हो गया हूँ, और उम्र के चादर को ओढ़ के उस बच्चे को शांत कर देता हूँ. पर वह है बहुत चंचल और जोशीला, कभी कभी इस दुसरे "मैं" पर भारी पड़ जाता है और फिर अंदर बहुत कश्मकश सी होती है।

कभी कभी दिल को कड़ा करना पड़ता है - अक्सर ये शिकन होती है कि आखिर इतने बरसों से अंदर के जिस बच्चे को इतने सारे नियम और शिष्टाचार सिखाया, वह आज भी वैसा ही रह गया है - जिद्दी, मनमौजी, और निश्छल - वो चाहता है कहीं दूर शांत किसी ऐसे जगह चलने को जहाँ कोई शोर न हो, जहाँ सिर्फ दरिया के बहते पानी की कलकल ध्वनि हो, चिड़ियों की चहचहाट हो, जहाँ बहते हवाओं से पेड़ के पत्तो के सरसराहट को सुन पाऊं, जहाँ जो मिले वे बस मेरे जैसे ही हों, प्रकृति के गोद में बैठ के बस अंतहीन आनंद में डूबे हों....जहाँ क्षितिज से उगते सूरज के लाल गोले को देखने से पहले नभ में फैले सिंदूरी ललक के बीच जोश से उड़ते चिड़ियों के झुण्ड को देख सकूँ, जहाँ पत्तों से टपकते ओस को देख पाऊं, जहाँ हरे घास पर चलूँ और ओस से पूरे तलवे भींग जाए, जहाँ किसी दरिया या झील में मछलियों के उच्छृंखलता से गूंजते छपाक को सुन पाऊं...

पर फिर ये ख्याल आता है कि इतनी मुश्किल से स्वयं को बाहरी दुनिया के काबिल बनाया है - फिर कैसे अपने अंदर के उस असल मैं को बाहर निकल जाने दूँ? यही कश्मकश की वजह है - जीने के कुछ उसूल होते हैं, ज़माने के हिसाब से चलने का प्रचलन है - उम्रदाज हो गया हूँ - वैसा ही करना होता है जैसा होना चाहिए, ढलते उम्र के साथ समाज के बनाये उसूलों में ढलने की आदत सी हो गयी है! कभी कभी ये अनतर्द्वंद, अंतरकलह और फिर अन्तरध्यान में परिवर्तित हो जाता है.. शांति और सुलह की प्रक्रिया शुरू होती है और मैं वही करता हूँ जो अपेक्षित होता है.

पर, जब कभी एकांत में स्वयं से बात करता हूँ - अपने ही जिए जीवन के ऊँचे टीले पर बैठ के नीचे देखने से डर लगता है! कितना कुछ बीत गया - वो मैं, जो एक नर्सरी स्कूल के आँगन में पेड़ के नीचे कौए से बचा के टिफिन खाने के कौशलता में पारंगत होते होते उन लालची कौओं से दूर किसी और घने जंगल में आ गया है जहाँ जीने के अंदाज़ का हिसाब कुछ अलग सा है...यहाँ मुझे माँ के बना के दिए टिफिन को कौओं से बचाना नहीं है....पर अपनी जीविका को लूट के लाना है - हर पल एक संघर्ष है- निष्ठुरता और स्वार्थ मेरे शस्त्र हैं... समय कम है - असीमित जिम्मेदारियां हैं और प्रयास के मौके सीमित हैं... बस अंदर एक जिद्दी बच्चा है जो इस दिलासे पर चुप बैठा है कि एक दिन फिर से वैसे दिन आएंगे जब सब कुछ वैसा ही होगा जैसा मन को भाता था.....